छतरपुर हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की मौत की साजिश

छतरपुर के अमरोनिया जंगल में मिले मनीराम रैकवार के शव मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में पता चला है कि शादी के सिर्फ दो महीने बाद मनीराम को उसकी पत्नी और पत्नी के प्रेमी व एक सहयोगी ने मिलकर मौत के घाट उतारा था।

पुलिस के अनुसार, सिगरामपुरा निवासी मनीराम 10 जुलाई को लापता हुआ था। गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान अमरोनिया जंगल के बगाई नाले में उसका शव मिला। शव को पत्थरों के नीचे दबा हुआ पाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर एक विशेष जांच टीम गठित की गई।

सटई थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने बताया कि मनीराम और शिवानी की शादी 13 मई 2026 को हुई थी। जांच में सामने आया कि शिवानी का पहले से अखलेश पटेल के साथ प्रेम संबंध था। जातिगत असहमति के कारण दोनों के परिवार विवाह के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए दोनों ने पहले से योजना बनाई कि शिवानी कहीं और शादी कर देगी और बाद में दोनों साथ हो जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि अखलेश ने पहले मनीराम से दोस्ती कर ली थी ताकि वह घर-आना‑जाना कर सके और किसी को संदेह न हो। शादी के समारोह में भी अखलेश मौजूद रहा और बारात से लेकर विदाई तक शामिल रहा। शादी के बाद भी वह और शिवानी लगातार मोबाइल पर संपर्क में रहे।

img 0613/ All Result Today
Advertisements

क्या रहा हत्या का कारण

लगभग डेढ़ महीने बाद मनीराम ने अपनी पत्नी को दिल्ली ले जाने की इच्छा जताई, जहां वह काम करता था। शिवानी ने दिल्ली न जाने की बात अखलेश को बताई। पुलिस के मुताबिक, तब दोनों ने फैसला किया कि यदि मनीराम जीवित रहा तो उनका साथ नहीं चल पाएगा और उन्होंने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

योजना के तहत अखलेश और उसका साथी भरत यादव मनीराम को शराब और मुर्गा पार्टी के बहाने अमरोनिया जंगल ले गए और वहां उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को बगाई नाले में फेंककर बड़े पत्थरों के नीचे दबा दिया गया ताकि बारिश के पानी में भी वह ऊपर न आ सके। फिर भी पानी साफ होने पर शव दिखाई देने लगा और मामला उजागर हो गया।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में काम कर रही टीम ने मोबाइल कॉल डिटेल्स, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश किया। पूछताछ में पत्नी शिवानी रैकवार, प्रेमी अखलेश पटेल और सहयोगी भरत यादव ने आरोप स्वीकार कर लिए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, तौलिया, पेचकस और अन्य चीजें जब्त कर ली हैं।

Leave a Reply